MP Morning News: गर्मियों की छुट्टियों में सफर की योजना बना रहे यात्रियों के लिए बुरी खबर है। रेलवे में सुधार कार्य के चलते भोपाल मंडल से गुजरने वाली 8 प्रमुख ट्रेनें अप्रैल और मई माह में रद्द रहेंगी। नागपुर और जयपुर मंडल में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण यह फैसला लिया गया है, जिससे लगभग 20,000 से अधिक यात्री प्रभावित होंगे।
ये ट्रेनें रद्द
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (कोरबा-अमृतसर), गोंडवाना एक्सप्रेस (निजामुद्दीन-रायगढ़), समता एक्सप्रेस (विशाखापट्टनम-निजामुद्दीन) और भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के फेरे अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण-25: कल से भोपाल की परीक्षा
राजधानी भोपाल में कल यानी 10 अप्रैल से स्वच्छता सर्वेक्षण-25 का शंखनाद हो रहा है। अगले 45 दिनों तक चलने वाले इस सर्वेक्षण में इस बार शहर की रैंकिंग जनता के फीडबैक पर टिकी होगी। निगम के इंटरनल सर्वे में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। शहर के 21 में से 11 जोन की स्थिति बेहद खराब पाई गई है। लापरवाह स्वास्थ्य अधिकारियों को बदलने की तैयारी है। 16 अप्रैल से 31 मई तक फील्ड असेसमेंट किया जाएगा।
TET विवाद: शिक्षकों के पक्ष में सरकार!
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता को लेकर चल रहे घमासान के बीच प्रदेश सरकार ने शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्री ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट जाएगी और पात्रता परीक्षा रोकने के लिए अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। सरकार के मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा है कि किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जाएगा। सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर गंभीर है और जल्द ही इस विवाद का कानूनी समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
कल से लौटेगी ‘तपन’
मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। आज भी प्रदेश के मंडला, सिवनी, बालाघाट, और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट है। राहत की खबर यह है कि कल से मौसम सिस्टम कमजोर होगा और तापमान में तेजी से उछाल आएगा। अगले 3 दिनों में पारा 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है, जिससे तेज गर्मी का दौर फिर शुरू होगा।
आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू
मध्यप्रदेश के चार संभाग भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में आज से गेहूं की सरकारी खरीदी (MSP) शुरू हो गई है। शेष संभागों में कल से उपार्जन केंद्रों पर रौनक लौटेगी। सरकार 2275 रूपए के समर्थन मूल्य के साथ 125 रूपए प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि (बोनस) देगी, जो सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर होगी। इस साल 78 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। 19 लाख से अधिक किसानों ने इसके लिए पंजीयन कराया है। केंद्रों पर पेयजल और बैठने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेगी कांग्रेस
एक तरफ सरकार ने खरीदी शुरू की है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने देरी को लेकर मोर्चा खोल दिया है। किसान कांग्रेस आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेगी। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी छतरपुर में प्रदर्शन का नेतृत्व कर सकते हैं। कांग्रेस का आरोप है कि खरीदी प्रक्रिया में देरी से किसानों को भारी नुकसान हुआ है।


