सबहेड:–
40 किमी दूर केंद्र से बढ़ी परेशानी, प्रशासनिक फैसले पर उठे सवाल
सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— जिले के रीठी तहसील क्षेत्र में गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रशासन द्वारा मुहांस खरीदी केंद्र को बंद कर उसे पटोरी सायलो केंद्र से जोड़ने के फैसले ने किसानों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।किसानों का आरोप है कि पहले जहां उन्हें नजदीक में ही अपनी फसल बेचने की सुविधा मिल जाती थी, वहीं अब करीब 40 किलोमीटर दूर पटोरी सायलो केंद्र तक जाना मजबूरी बन गया है। इससे परिवहन खर्च, समय और श्रम—तीनों का बोझ किसानों पर पड़ रहा है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह व्यवस्था किसी संकट से कम नहीं है।इसी मुद्दे को लेकर आज बड़ी संख्या में किसान एकजुट हुए और तहसीलदार रीठी तथा थाना प्रभारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने साफ मांग रखी है कि मुहांस खरीदी केंद्र को तत्काल पुनः शुरू किया जाए या फिर स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।प्रशासनिक उदासीनता से नाराज किसानों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसानों की इस गंभीर समस्या को समय रहते समझेगा, या फिर हालात आंदोलन की ओर बढ़ेंगे।
