सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता
कटनी– नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर गुरुवार को शहर में महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने “जन आक्रोश महिला सम्मेलन” में शामिल होकर अधिनियम के लंबित रहने पर नाराजगी जताई और सरकार से इसे शीघ्र पारित करने की मांग उठाई।सम्मेलन के बाद महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया तथा जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिनियम को जल्द लागू करने की मांग की।कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, महिला एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में शामिल मातृशक्ति ने कार्यक्रम को प्रभावशाली स्वरूप दिया।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़े बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है, इसलिए इस अधिनियम को जल्द पारित किया जाना चाहिए।महिला प्रतिभागियों ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में समान अवसर दिलाने का मजबूत माध्यम है, लेकिन इसके लंबित रहने से महिलाओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।पूरे आयोजन में महिलाओं का आक्रोश और एकजुटता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। सम्मेलन और पदयात्रा के माध्यम से महिलाओं ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए अधिनियम को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई।


