छतरपुर/हर्षित पांडेय/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा Narottam Mishra आज बागेश्वर धाम Bageshwar Dham पहुंचे। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) से भेंट की। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री ने बागेश्वर महाराज को अंगवस्त्र भेंट किया, पगड़ी पहनाई और उनसे आशीर्वाद लिया।
जानकारी के अनुसार, फरवरी 2026 में चंबल की धरती डबरा में एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है, जिसमें बागेश्वर महाराज तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा का वाचन करेंगे। इस आयोजन का संकल्प करने के लिए ही पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा आज बागेश्वर धाम पहुंचे थे।

बागेश्वर महाराज ने वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि डबरा की धरती पर प्रयागराज महाकुंभ की तर्ज पर अब दूसरा महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है, जो 14 से 20 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस चंबल महाकुंभ Dabra Mahakumbh में बागेश्वर महाराज तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा का रसपान ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के भक्तों को करवाएंगे।
बताया जा रहा है कि इस आयोजन में देश के कई प्रमुख साधु-संतों और दिग्गजों का जमावड़ा लगेगा। उल्लेखनीय है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उनके द्वारा डबरा में नवग्रह स्थापना की जा रही है। आज उन्होंने नारियल भेंट कर बागेश्वर बालाजी के चरणों में कथा का संकल्प लिया।


