मैहर/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ जिले के मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के माता-पिता मैहर जिले के ग्राम बरा खुर्द के रहने वाले है। बच्चे को लेकर गांव से मैहर पहुचे थे। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए है। साथ ही कार्रवाई की मांग की जा रही है।
क्या है मामला?
रविवार सुबह नवजात को खराब तबीयत (कफ की शिकायत) के चलते मैहर स्थित डॉ. प्रदीप निगम के निजी क्लीनिक हेल्थ केयर में लाया गया था। आरोप है कि उस समय क्लीनिक में बच्चों के डॉक्टर प्रदीप निगम मौजूद नहीं थे, जिसके बाद नाक-कान-गला विशेषज्ञ महिला डॉक्टर ने बच्चे की जांच की। उसके बाद जो इलाज किया गया, उससे बच्चे की मौत हो गई।
परिजन ने लगाया आरोप
परिजनों के अनुसार महिला डॉक्टर ने नवजात के लिए कई जांचें लिखीं और भाप दिलाने को कहा। इसी दौरान बच्चे को इंजेक्शन भी लगाया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद बच्चे को जोर-जोर से हिचकियां आने लगीं, जिसके बाद परिजन तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचे। कथित रूप से डॉक्टर ने दोबारा भाप दिलाने और जांच रिपोर्ट आने का इंतजार करने को कहा। इसी बीच बच्चे की हालत बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन ने अस्पताल में किया हंगामा
नवजात की मौत के बाद परिजनों ने क्लीनिक परिसर में हंगामा किया गया, और आरोप लगाया कि डॉक्टर की अनुपस्थिति और गलत उपचार के कारण बच्चे की जान गई। परिजनों की माने तो नवजात को खांसी की समस्या थी। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


