रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ छिंदवाड़ा की घटना के बाद उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला एक्शन में दिखाई दे रहे हैं, वो लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वो अस्पताल की व्यवस्थाओं से असंतुष्ट दिखे। पुरुष और महिला प्रसाधन में व्याप्त गंदगी को अपने सामने साफ कराकर मेडिकल ऑफिसर को कड़ी फटकार लगाई।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर अलर्ट डिप्टी सीएम
सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अचानक पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल के पैथोलॉजी लैब,दवा वितरण केंद्र, महिला प्रसव वार्ड, सहित वार्डों का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष प्रसाधन में व्याप्त गंदगी को देखकर उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल ऑफिसर और ड्यूटी कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही 15 मिनट प्रसाधन के पास खड़े रहकर सफाई कर्मचारियों से प्रसाधन की अपने सामने सफाई कराई।
अस्पताल में कई पद रिक्त
बताते चले कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी दिनों से फार्मासिस्ट,लैब टेक्नीशियन, रेडियोलॉजिस्ट, महिला रोग विशेषज्ञ,शिशु रोग विशेषज्ञ की अत्यंत आवश्यकता है, और ये पद रिक्त है। उप मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाएं कहां तक सुधरती है, ये तो आने वाला समय बताएगा। निरीक्षण के दौरान सेमरिया के पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी, एसडीएम उपस्थित रहे।
