भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने डॉ. अंबेडकर नगर (महू) के गवली पलासिया में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. भागीरथ वर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने संगठन की मजबूती, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है और जहां असंतोष है, वहां संवाद व सम्मान के साथ समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम में इंदौर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, पूर्व जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद पटवारी इंदौर के राजेंद्र नगर थाने पहुंचे। बूथ लेवल एजेंट (BLA) के तौर पर उन्होंने फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में अनियमितताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राऊ विधानसभा में BLO और भाजपा के BLA की मिलीभगत से कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि Representation of the People Act, 1950 की धारा 31 के तहत गलत जानकारी देकर नाम कटवाना दंडनीय अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस मतदाता सूची से छेड़छाड़ के खिलाफ सड़क से न्यायालय तक संघर्ष करेगी।


