भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ गोविंदपुरा के आनंद नगर में 165 दुकानों पर बुलडोजर चला। इस कार्रवाई ने स्थानीय व्यापारियों की रोजी-रोटी छीन ली। दुकानदारों का कहना है कि यदि उन्हें रोजगार नहीं मिला, तो वे आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। पीड़ितों की मांगों और शिकायतों के बाद कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, यह मोदी सरकार का नया भारत है, जहां 40 साल पुराने कारोबार को उजाड़कर मात्र कौड़ियों का मुआवजा दिया जा रहा है।
रोजगार पर हमला
पटवारी ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि शहरों में भी पार्टी वही रणनीति अपना रही है जो किसानों के खिलाफ अपनाई जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से लोगों का रोजगार छिन रहा है और आर्थिक संकट बढ़ रहा है।
दुकानदारों का दर्द
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि उनके कई वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है। उनका कहना है कि सरकार ने उन्हें कोई स्थायी राहत या रोजगार मुहैया नहीं कराया।
व्यापारियों और राजनीतिक नेताओं के बीच अब बातचीत जारी है। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि तुरंत समाधान नहीं निकला, तो उनका आक्रोश और बढ़ सकता है।


