Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीबचैया अस्पताल में पानी बंद, इन्वर्टर खराब… जच्चा-बच्चा की जान जोखिम में

बचैया अस्पताल में पानी बंद, इन्वर्टर खराब… जच्चा-बच्चा की जान जोखिम में

सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— जिले के बहोरीबंद विकासखंड के ग्राम बचैया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का गंभीर मामला सामने आया है। यहां मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्राम गुना बचैया निवासी सौरभ मिश्रा ने इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है और अस्पताल की स्थिति की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल का वित्तीय प्रभार पिछले दो वर्षों से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद अहिरवार के पास है, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल में पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से अस्पताल में पानी की सप्लाई बंद है और इन्वर्टर भी खराब पड़ा हुआ है, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति यह है कि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं के परिजनों को शौच और अन्य जरूरतों के लिए पानी बाल्टियों में भरकर लाना पड़ता है। कई बार रात में बिजली नहीं होने पर मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों की जान को खतरा बना रहता है।ग्रामीणों का कहना है कि इस स्वास्थ्य केंद्र में लगभग 30 से 40 गांवों की महिलाएं प्रसव के लिए आती हैं, लेकिन अस्पताल में भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की कमी के कारण प्रसव के बाद महिलाएं तीन दिन तक रुकने के लिए भी तैयार नहीं होतीं।इसके अलावा अस्पताल परिसर में चारों तरफ झाड़-झंखाड़ फैला हुआ है, जिससे सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के आने का खतरा बना रहता है। कई बार अस्पताल परिसर में कबर बिज्जू और सांप देखे जाने की भी जानकारी ग्रामीणों ने दी है।ग्रामीणों का आरोप है कि इन समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद पिछले दो वर्षों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कलेक्टर से अस्पताल की जांच कर तत्काल बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट