शिवपुरी/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने पिछोर के पूर्व विधायक केपी सिंह पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज में तनाव और जहर फैलाने का काम कर रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि यह पूरा काम कुछ कथित दलाल नेताओं के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल से पिछोर में शांति का माहौल था, लेकिन कुछ लोगों को क्षेत्र में बनी यह शांति रास नहीं आ रही है।
केपी सिंह पर लगाए गंभीर आरोप
प्रीतम लोधी ने अपने वीडियो में पूर्व विधायक केपी सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह वही नेता हैं, जिन्होंने लोधी समाज और पिछोर की जनता को कथित तौर पर बेचने का काम किया है। विधायक ने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं के लिए जनता महज उपयोग की वस्तु बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि अब जनपद और जिला पंचायत चुनाव नजदीक हैं, इसलिए कुछ नेता फिर सक्रिय हो गए हैं। प्रीतम लोधी ने इसे ‘पिछोर बचाओ’ की बजाय ‘पिछोर को बेच के आओ’ अभियान करार दिया।
Indore News: ब्राह्मण समाज के एक शख्स ने हर समाज को दी मिसाल… खुद छोड़ा छात्रवृत्ति योजना का लाभ
प्रीतम लोधी ने किया सतर्क
विधायक ने पिछोर की जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग सीधे-सादे हैं, लेकिन अब उन्हें राजनीतिक गतिविधियों को लेकर जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब ऐसे नेता वोट मांगने आएं तो जनता उनसे सवाल करे कि उसे पहले कितने में बेचा गया और आगे कितने में बेचने की तैयारी है। प्रीतम लोधी ने यह भी कहा कि जिन नेताओं पर वह निशाना साध रहे हैं, उन्हें शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच जाकर अपने काम और राजनीति का जवाब देना चाहिए। उनके मुताबिक, वहां की जनता भी उनसे सवाल करेगी।
‘राजनीति या व्यापार करने नहीं, सेवा करने आया हूं’
अपने बयान में प्रीतम लोधी ने कहा कि कुछ नेता उन्हें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देकर राजनीतिक नंबर बढ़ाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी का भी जिक्र करते हुए कहा कि भले ही ऐसे बयानों से कुछ नेताओं को राजनीतिक फायदा मिलता दिखाई दे, लेकिन जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता कम होती है। प्रीतम लोधी ने कहा कि वह पिछोर को एक नया पिछोर बनाने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह यहां राजनीति के जरिए व्यापार या निजी धंधा करने नहीं आए हैं, बल्कि जनता की सेवा करने आए हैं।
एमपी में IAS नेहा मारव्या सिंह का फिर तबादला… एक साल में तीसरी बार ट्रांसफर!
विधायक के गंभीर आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि केपी सिंह द्वारा कुछ नेताओं को पैसा दिए जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने ऐसे नेताओं से अपील की कि यदि उनके पास पैसा आ रहा है तो उसे व्यक्तिगत राजनीति में खर्च करने के बजाय जनता की भलाई के काम में लगाया जाना चाहिए।
अपने बयान के अंत में प्रीतम लोधी ने अपने विरोधियों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता को उनके कथित अपशब्दों का जवाब राजनीतिक तरीके से देना चाहिए।
8 सितंबर को ‘पिछोर बचाओ’ कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि पिछोर क्षेत्र में कुछ भाजपा नेताओं समेत लोधी समाज के कुछ स्थानीय नेता विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इनमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पडेरिया, कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लोधी और जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी समेत अन्य नाम शामिल हैं। इन नेताओं की ओर से 8 सितंबर को ‘पिछोर बचाओ’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। इसी कार्यक्रम और क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच विधायक प्रीतम लोधी का यह वीडियो सामने आया है, जिसके बाद पिछोर की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। हालांकि, केपी सिंह और अन्य आरोपित नेताओं की ओर से इन आरोपों पर तत्काल क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
सागर शराब कांड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ऐलान – दोषियों को नहीं बख्शूंगा!
