राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ राजगढ़ जिले में महिला पटवारी को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत को लेकर महिला पटवारी द्वारा शिकायतकर्ता से फोन पर बातचीत करना आरोपी को इतना नागवार गुजरा कि उसने खुलेआम जान से मारने की धमकी दे डाली। धमकी से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
6 राउंड तेरे अंदर उतार दूंगा – आरोपी
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में पदस्थ महिला पटवारी रितु सेंगर को शिकायतकर्ता जितेंद्र तंवर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाया। आरोपी ने कहा कि
‘खेल खत्म, बात खत्म… । गांव तरफ आई तो जान से जाएगी। 6 राउंड तेरे अंदर उतार दूंगा।’ बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले सीएम हेल्पलाइन 181 पर महिला पटवारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के संबंध में महिला पटवारी ने प्रक्रिया के तहत आरोपी को फोन किया था। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें धमकी दी।
महिला पटवारी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
धमकी मिलने के बाद महिला पटवारी रितु सेंगर ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र तंवर को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धमकी देने, अश्लील व अभद्र भाषा के प्रयोग सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वायरल ऑडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है।
पटवारी संघ में आक्रोश
इस घटना के बाद पटवारी संघ में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने महिला कर्मचारी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की भी सत्यता की जांच की जा रही है।


