धर्मराज सिंह/ खबर डिजिटल/राजगढ़/ जिले के प्रसिद्ध मां जालपा मंदिर के समीप नेशनल हाईवे-52 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भूसे से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क के बीचों-बीच पलट गया। चैत्र नवरात्रि के कारण मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही थी, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। हालांकि, मौके पर तैनात डायल-112 के जवानों की तत्परता और जांबाजी ने एक बड़ी जनहानि को टाल दिया।
लापरवाही का लाइव वीडियो
जानकारी के अनुसार, विदिशा जिले के सिरोंज से राजस्थान की ओर जा रहा यह ट्रक क्षमता से कहीं अधिक भूसा लादे हुए था। ओवरलोडिंग के कारण ट्रक की ऊंचाई और वजन इतना ज्यादा था कि वह सड़क पर चलते समय ही एक ओर झुकने लगा था। इस पूरे खौफनाक मंजर को पीछे से आ रही एक कार में सवार युवक ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक किस तरह मौत बनकर लहरा रहा था।
डायल-112 के जवानों की देवदूत जैसी सक्रियता
जब यह अनियंत्रित ट्रक जालपा मंदिर के पास पहुंचा, तो वहां ड्यूटी पर तैनात डायल-112 के पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। खतरे को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तुरंत सड़क के बीच में सरकारी वाहन खड़ा कर दिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए दोनों तरफ से आ रहे ट्रैफिक को रोक दिया और लोगों को चिल्ला-चिल्लाकर चेतावनी दी पीछे हट जाओ, कोई आगे मत आना, ट्रक कभी भी पलट सकता है!
चेतावनी के बाद भी नहीं रुका ड्राइवर
पुलिस द्वारा बार-बार इशारा करने और चेतावनी देने के बावजूद ट्रक ड्राइवर ने वाहन को रोकने या किनारे लगाने की कोशिश नहीं की। वह असंतुलित ट्रक को आगे बढ़ाता रहा, जिसके परिणामस्वरूप कुछ ही मीटर की दूरी पर ट्रक अचानक बाईं ओर पूरी तरह पलट गया। गनीमत यह रही कि पुलिस पहले ही सड़क खाली करवा चुकी थी, वरना ट्रक की चपेट में कई दोपहिया वाहन और पैदल यात्री आ सकते थे।
बड़ा हादसा टला
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिसकर्मियों की जमकर सराहना की, क्योंकि अगर चंद सेकंड की भी देरी होती, तो नवरात्रि के इस पावन पर्व पर राजगढ़ में मातम पसर सकता था। वर्तमान में पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया जा रहा है।


