राजगढ़/ खबर डिजिटल/ एमपी के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में 8 दिन पहले हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा किया है। बता दें कि मृतक के परिजनों ने मलावर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को एक नर कंकाल मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन, मैसेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की।
आठ दिन पहले लापता हुए एक चरवाहे युवक का नर कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्या के आरोपी को सागर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक बकरी चराने के लिए गया था, तभी आरोपी ने उसके कान में पहनी सोने की मुरकी लूटने के उद्देश्य से उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार हो गया था।
जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सागर से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से शव के अवशेष भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी, जहां से रिमांड की मांग की जा सकती है।
