रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जमीन विवाद में हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव व्याप्त है। जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो।
धान काटने की बात पर विवाद
गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लौरी नंबर–1 में गुरुवार को धान काटने को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी, डंडों और फरसों से हमला किया गया। इस हमले में 55 वर्षीय छोटेलाल सिंह पिता हरिहर सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन आज इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की पुष्टि के बाद गांव में तनाव फैल गया है।
पुलिस ने की शांति बनाने की अपील
घटना को लेकर पुलिस अलर्ट पर है, और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


