रीवा/ अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ 17 सितंबर/
खबर डिजिटल की रिपोर्ट का बड़ा असर: रीवा जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर ने त्योंथर जनपद के सचिव निरंकार सिंह को अभद्र व्यवहार के मामले में निलंबित कर दिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर ने जनपद सीईओ के प्रस्ताव पर यह कार्रवाई की। सचिव निरंकार सिंह का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने हितग्राही अभिमन्यु सिंह से अभद्र भाषा में बातचीत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब सचिव द्वारा कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तब सीईओ जिला पंचायत ने उन्हें तुरंत निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि खबर डिजिटल की रिपोर्ट का सीधा असर प्रशासनिक स्तर पर पड़ा है।
सचिव निरंकार सिंह का क्या था पूरा मामला
पथरिया के ररूआ गावँ का एक विवादित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक गर्मी बढ़ गई है। ऑडियो में ग्राम पंचायत सचिव निरंकार सिंह और एक हितग्राही के बीच कड़े शब्दों और गाली-गलौज का अंश सुना जा सकता है। विवाद का आरम्भ तब हुआ जब हितग्राही ने पूछा कि उसका नाम समग्र आईडी (समग्र ID) सूची से क्यों हटाया गया — इस सामान्य प्रश्न पर सचिव ने गुस्से में आकर आततायी भाषा और धमकियाँ दीं।
यही भी पढ़ें – अपने जन्मदिन पर मोदी ने महिलाओं को दिया तोहफा… – Khabar Digital
सचिव ने कहा था – मुझे कानून सिखाते हो — जूता से मारूंगा
हितग्राही ने सचिव से यह भी पूछा कि क्या KYC कराना अनिवार्य है और अगर है तो ग्राम स्तर पर पहले सूचना दिए जाने के बाद ही नाम हटाना चाहिए। इसके जवाब में सचिव ने गाली देते हुए कहा कि “मुझे कानून सिखाते हो — जूता से मारूंगा” — ऐसा आशंकाजनक और अनुचित बयान वायरल ऑडियो में दर्ज है। इस तरह की भाषा और व्यवहार एक लोकसेवक के नाते निंदनीय है, और ग्राम वासियों में आक्रोश का विषय बना हुआ है।
यही भी पढ़ें – PM मोदी बोले – स्वदेशी पर रहेगा फोकस, पढ़ें पूरी खबर – Khabar Digital
ऑडियो भी वायरल हुआ था
वायरल ऑडियो के मद्देनज़र गाँव के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से संज्ञान लेकर उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में सरकारी कर्मचारियों के कदाचार पर स्पष्ट संदेश भेजा जा सके। पिछले कुछ महीनों में रीवा जिले में वायरल हुए ऑडियो/वीडियो घटनाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जाँच और कार्रवाई के उदाहरण सामने आये हैं, इसलिए स्थानीय लोग त्वरित सतर्कता और निष्पक्ष जांच की उम्मीद कर रहे हैं।
