रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता से कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ मिले, इसके लिए जिला पंचायत स्तर से भी लगातार मॉनीटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने जिले की 6 ग्राम पंचायतों में पर्याप्त राशि उपलब्ध होने के बाद भी कार्य न कराने पर ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इन पंचायत के सचिवों पर गिरी गाज
कलेक्टर ने सिरमौर जनपद पंचायत के दुलहरा ग्राम पंचायत सचिव मदेनी प्रसाद कोल, राजगढ़ ग्राम पंचायत के सचिव आदर्श पाण्डेय, रीवा जनपद पंचायत के अमिरती ग्राम पंचायत सचिव अनिल चौरसिया, गंगेव जनपद पंचायत के क्योटी ग्राम पंचायत सचिव कुवेर सिंह, जवा जनपद पंचायत के छदहना ग्राम पंचायत सचिव छेदीलाल विश्वकर्मा तथा रायपुर कर्चुलियान जनपद पंचायत के नवागांव ग्राम पंचायत सचिव देवेन्द्र बहादुर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास के कार्य तत्परता से कराए जाएं – कलेक्टर
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि जिले में अन्य ऐसी पंचायतें जिनमें राशि उपलब्ध है तथा वहाँ विकास के कार्य नहीं कराए जा रहे हैं उनके सचिवों के विरूद्ध भी दण्डात्मक कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में सरपंचों द्वारा यदि विकास कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही हो तो उनके विरूद्ध भी कार्यवाही प्रस्तावित करें।


