सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ लोकायुक्त रीवा की टीम ने सिविल लाइन तिराहे पर स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी में बुधवार दोपहर कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जीएसटी के इंस्पेक्टर कुमार सौरभ को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी कुमार सौरभ को उनके घर से पकड़ा गया। इंस्पेक्टर के खिलाफ 29 नवम्बर को वीरेंद्र कुमार ने शिकायत की थी कि उनसे ई-वे बिल के मामले में 60 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। जिसके बाद टीम ने सत्यापन किया और 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
20 हजार रुपये में मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार मझगवां के व्यापारी वीरेन्द्र कुमार से पेनल्टी न लगाने के बदले लगातार दबाव बनाकर अवैध वसूली की मांग की जा रही थी। व्यापारी की शिकायत पर लोकायुक्त ने जाल बिछाया और निर्धारित योजना के अनुसार जैसे ही कुमार सौरभ ने 20 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को सर्किट हाउस ले जाकर आगे की पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी की गईं।
लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि आरोपी अपने सरकारी पद का उपयोग कर लंबे समय से लोगों पर अनैतिक दबाव बना रहा था। फिलहाल लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
