सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के बंडोल थाना परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं मुस्लिम समाज के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।बैठक की अध्यक्षता सचिन परते (सीएसपी) ने की। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेश राय एवं बंडोल थाना प्रभारी मनोज कुमार जंघेला विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
अधिकारियों ने सभी समाजों के प्रतिनिधियों से अपील की कि त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक होते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह
सीएसपी सचिन परते ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों से सावधान रहने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
प्रशासन की ओर से बताया गया कि त्योहारों के दौरान थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे कानून व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे और सभी लोग सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें।


