सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के बंडोल क्षेत्र में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सिवनी मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित बंडोल ग्रामीण जल समुदाय योजना की मुख्य पाइपलाइन फूट जाने से क्षेत्र के करीब 160 छोटे-बड़े गांवों में भीषण जल संकट पैदा हो गया है। बीते 48 घंटों से घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे निर्माण कार्य के दौरान एलएनटी कंपनी द्वारा खुदाई करते समय मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने के बाद से जल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद कंपनी द्वारा अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया है।
नदी-नालों से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण
जल आपूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीण नदी-नालों से पानी लाकर दैनिक उपयोग कर रहे हैं। महिलाओं और बच्चों को कई किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। गांवों में पीने के पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है।
किसानों की फसल भी प्रभावित
जिस स्थान पर मुख्य पाइपलाइन फूटी है, वहां लगातार पानी बहने से आसपास के खेतों में जलभराव हो गया है। इससे किसानों की फसलें भी खराब हो रही हैं। किसानों ने नुकसान की भरपाई की मांग की है।
सूचना के बाद भी नहीं हुआ सुधार
ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने एलएनटी कंपनी के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन को दूरभाष पर सूचना दी, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सुधार कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र पाइपलाइन सुधारकर जल आपूर्ति बहाल करने और जिम्मेदार कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है।
