Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीशिवाजी नगर की बहुप्रतीक्षित सड़क का सपना हुआ साकार, इंदिरा गांधी वार्ड...

शिवाजी नगर की बहुप्रतीक्षित सड़क का सपना हुआ साकार, इंदिरा गांधी वार्ड में 93 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

खबर डिजिटल संवाददाता कटनी– नगर निगम द्वारा शहर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंदिरा गांधी वार्ड में लगभग 93 लाख रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। लंबे समय से प्रतीक्षित शिवाजी नगर सड़क निर्माण सहित नाली निर्माण कार्यों की आधारशिला रखे जाने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया।महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्री ओमप्रकाश बल्ली सोनी, मेयर इन काउंसिल सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की सम्मानित महिला अनिता रोशन सिंह के कर-कमलों से भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।भूमिपूजन के अंतर्गत शिवाजी नगर क्षेत्र में अनुज शुक्ला के घर से सुमित जायसवाल के घर तक लगभग 51.59 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य, मौसम ताम्रकार के घर से विनोद असाटी के घर तक लगभग 11.41 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण तथा गली क्रमांक-13 सहित अन्य गलियों में लगभग 28.82 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे।इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और क्षेत्रवासियों से किया गया हर वादा उनके लिए संकल्प के समान है। उन्होंने कहा कि शिवाजी नगर सड़क निर्माण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा देखे जा रहे सपने को साकार करने का प्रयास है।महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना है। इसी सोच के साथ शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से सड़क, जल निकासी एवं आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान महापौर ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए नगर निगम, महापौर एवं पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से इंदिरा गांधी वार्ड शहर के विकसित एवं सुव्यवस्थित क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट