शिवपुरी/अनुज बालोठिया/खबर डिजिटल/ शिवपुरी जिले की बैराड़ नगर में गौ सेवा के प्रति समर्पित गौ सेवकों ने मानवता और करुणा की मिसाल पेश करते हुए न्यू बस स्टैंड परिसर में एक अस्थाई गौशाला का निर्माण किया है। इस गौशाला में सड़क दुर्घटनाओं में घायल, बीमार एवं बेसहारा गौवंशों का उपचार और संरक्षण किया जा रहा है।
तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध
अस्थाई गौशाला में घायल एवं एक्सीडेंटल गौवंशों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इलाज के साथ-साथ उनके लिए चारा-पानी, दवाइयों एवं देखरेख की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि गौवंश स्वस्थ होकर पुनः सामान्य जीवन जी सकें।
निजी खर्च से कर रहे गौसेवा
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि गौशाला के निर्माण से लेकर उपचार सामग्री, चारा-पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं गौ सेवकों द्वारा अपने निजी खर्च से की जा रही हैं। बिना किसी शासकीय सहायता के यह सेवा कार्य निरंतर जारी है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
गौसेवकों का विशेष योगदान
इस पुनीत कार्य में जिन गौ सेवकों का विशेष योगदान रहा है, उनमें पत्रकार ललित मुदगल, धीरज सोनी, डॉ. दीपक धाकड़, धर्मेंद्र यादव, मनोज व्यास, चंदन धाकड़, गौरव जैमिनी सहित कई अन्य समाजसेवी सक्रिय रूप से सेवा दे रहे हैं।
घायल गौवंशों के लिए संजीवनी
गौ सेवकों की यह सराहनीय पहल न केवल घायल गौवंशों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य की जमकर सराहना की है। गौ सेवा को समर्पित यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में धार्मिक, सामाजिक और मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूत करता है।


