शिवपुरी/अनुज बालोठिया/खबर डिजिटल/ कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने सोमवार को जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक में विभिन्न विभागों के समय-सीमा पत्रों एवं सीएम हेल्पलाइन से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
नियमित मॉनिटरिंग की दी हिदायत
कलेक्टर चौधरी ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन के संदर्भ में सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से परिणामोन्मुखी कार्रवाई की जाए।
राजस्व विभाग की कलेक्टर ने की समीक्षा
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रकरणों में तेजी और पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के प्रभावी निष्पादन से शिवपुरी जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
नरवाई जलाने की घटना रोकने के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने किसानों द्वारा हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के उठाव की जानकारी ली तथा नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिले के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।
पात्र हितग्राहियों को सहायता देने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि जिले के मगरौनी, दिनारा, चंदनपुरा, पड़ोरा एवं बैराड़ क्षेत्र में निवास करने वाली लोहापीटा जनजाति के पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ योजना से जोड़ा जाए। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बैंकों में लंबित प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत कराने तथा नए पात्र आवेदकों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, एसडीएम शिवपुरी आनंद राजावत, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


