सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारो खुर्द में दबंग युवकों की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। पिकनिक मनाकर लौट रहे एक युवक के साथ शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर अश्लील गाली-गलौच, गंभीर मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने थाना स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला
पीड़ित प्रमोद कुशवाहा पिता रामानुज कुशवाहा, निवासी ग्राम सारो खुर्द, ने बताया कि दिनांक 01 जनवरी 2026 को वह अपने मित्रों के साथ पिकनिक मनाकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सायं लगभग 4:30 बजे, जब वह ग्राम सारो में कैलाश कुशवाहा के घर के पास पहुंचा, तभी गांव के ही देवेन्द्र सिंह चौहान एवं मनीष सिंह चौहान ने उसे रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। जब प्रमोद कुशवाहा ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जान से मारने की दी धमकी
घटना के समय मौके पर मौजूद विनोद कुशवाहा, कैलाश कुशवाहा एवं अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित को बचाया, अन्यथा किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। मारपीट के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वह और उसका परिवार भय के साये में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है। इस हमले में प्रमोद कुशवाहा को बाएं हाथ की गदेली, कंधे, गर्दन, पीठ तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का यह भी कहना है कि घटना का वीडियो साक्ष्य उसके पास मौजूद है, जिसे वह जांच के दौरान प्रस्तुत कर सकता है।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की शिकायत थाना बहरी में दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके कथन के अनुसार न तो उसकी रिपोर्ट सही ढंग से दर्ज की गई और न ही आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं तथा वे आए दिन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना स्तर पर न्याय न मिलने से आहत पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक सीधी से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।


