सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ वर्षों से लंबित रेल सेवा की मांग को लेकर सीधी जिले में एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी है। सुशासन दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, संजय गांधी कॉलेज सीधी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मंच से ऐसा संकल्प लिया, जिसने जिलेभर में चर्चा का विषय बना दिया। सांसद ने ऐलान किया कि जब तक सीधी जिले में नियमित रेल सेवा शुरू नहीं हो जाती, तब तक वे किसी भी सार्वजनिक, राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम में माला धारण नहीं करेंगे।
बीजेपी नेता और अन्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सांसद के इस फैसले को जिले के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि रेल सेवा को सीधी की सबसे बड़ी बुनियादी जरूरतों में शामिल माना जाता है।
सीधी को रेल नेटवर्क से जोड़ना प्राथमिकता
अपने संबोधन में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संकल्प दिखावे के लिए नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और अपने दायित्व की याद दिलाने के लिए लिया गया है। रेल सेवा शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आवागमन के नए रास्ते खुलेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
सांसद ने पूर्व प्रयासों की दी जानकारी
सांसद ने अपने पूर्व प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि इससे पहले भी उन्होंने इसी प्रकार का संकल्प लिया था। उस समय उन्होंने यह निर्णय किया था कि जब तक सीधी में ट्रेन का ट्रायल नहीं हो जाता, तब तक वे किसी भी कार्यक्रम में माला स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उस दौरान उन्होंने अपने संकल्प का पूरी तरह पालन किया और परिणामस्वरूप कुछ ही समय बाद सीधी में ट्रेन का ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके बाद ही उन्होंने माला पहनना शुरू किया।
नियमित रेल सेवा की होगी शुरुआत
डॉ. मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नया संकल्प भी शीघ्र ही पूरा होगा और सीधी जिले में नियमित रेल सेवा की शुरुआत होगी। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ समर्थन जताया और इसे जिले के हित में उठाया गया साहसिक कदम बताया।


