उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ, तेंदुआ, भालू सहित अनेक वन्य प्राणियों के साथ अब जंगली हाथियों की चहलकदमी भी लगातार देखी जा रही है। जंगली हाथी आए दिन गांव के नजदीक खेतों और घरों के पीछे बाड़ियों तक पहुंच रहे हैं।
केले के खेत को पहुंचाया नुकसान
ऐसा ही मामला सोमवार रात को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर परिक्षेत्र अंतर्गत महामन गांव के ददरा टोला में सामने आया। यहां एक जंगली हाथी खेत में घुस आया और ग्रामीण सुखसेन के खेत में लगे केले के पौधों को आराम से तोड़कर खाता रहा। इस दौरान हाथी ने खेत की बाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
शोर मचाकर भगाने की कवायद
हाथी की आहट मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और थाली बजाकर व शोर मचाकर हाथी को भगाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची।
एक घंटे की लगी कड़ी मशक्कत
वन विभाग और ग्रामीणों की करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा जा सका। बताया जा रहा है कि यह टेढ़े दांत वाला जंगली हाथी है, जिस पर टाइगर रिजर्व की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।
तुरंत सूचना देने की अपील
घटना के दौरान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम के सी. आर. एस. उपाध्याय, रामपाल, चेतराम सहित अन्य कर्मचारी पूरी रात मौके पर निगरानी में जुटे रहे। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।


