P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशकोहरे की चादर बनी जानलेवा…. रीवा–सीधी हाईवे पर पिकअप और पेट्रोलियम टैंकर...

कोहरे की चादर बनी जानलेवा…. रीवा–सीधी हाईवे पर पिकअप और पेट्रोलियम टैंकर की भीषण भिड़ंत

चालक गंभीर रुप से घायल

सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ रीवा–सीधी नेशनल हाईवे क्रमांक 39 पर घने कोहरे ने एक बार फिर सड़क को खतरे का मैदान बना दिया। बुधवार को चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत कोचटा के पास सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन सामने खड़े पेट्रोलियम टैंकर से टकरा गया। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जिले में छाया घना कोहरा
बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से सीधी जिले में घना कोहरा छाया हुआ है। बुधवार सुबह भी हाईवे पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान रीवा की ओर से सीधी आ रही पिकअप वाहन चालक को आगे खड़े पेट्रोलियम टैंकर का सही अनुमान नहीं हो सका और पिकअप अनियंत्रित होकर टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

जोरदार टक्कर से नुकसान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर ही फंस गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 आपात सेवा को सूचना दी।

एंबुलेंस 112 के जरिए पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए निगरानी में रखा है। समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोहरे के कारण सड़क पर आगे की स्थिति बिल्कुल स्पष्ट नहीं थी। कई वाहन धीमी गति से चल रहे थे, लेकिन पिकअप की रफ्तार अधिक होने के कारण हादसा हो गया। वहीं चुरहट थाना प्रभारी दीपक बघेला ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण घना कोहरा और सीमित दृश्यता प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसे चिंता का विषय
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, गति सीमित रखने, फॉग लाइट का उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट