झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/कॉलेज मार्ग स्थित गायत्री मंदिर के पास श्रीजी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विक्की उर्फ परीक्षित पंवार के रूप में हुई है, जो हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अविवाहित था और अपने पिता विनोद पंवार के साथ मिलकर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि युवक ने घटना से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश भी डाला था, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।


