बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ संस्कृति विभाग के तत्वावधान में मुलताई में आयोजित तीन दिवसीय ताप्ती महोत्सव का समापन भव्य और यादगार अंदाज में हुआ। महोत्सव के तृतीय दिवस पर सुगम संगीत की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर इंडियन आइडल फेम प्रसिद्ध गायिका अरूणिता कांजिलाल ने अपनी मधुर और सधी हुई आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
झूमते नजर आए दर्शक
अरूणिता ने मंच से एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए, जिस पर उपस्थित दर्शक झूमते नजर आए। उनकी प्रस्तुति को लोगों ने लंबे समय तक तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कार्यक्रम के दौरान ताप्ती वाहिनी संगठन की ओर से गायिका अरूणिता कांजिलाल का विशेष सम्मान किया गया। संगठन की अध्यक्ष रेशमा खान एवं वरिष्ठ सलाहकार कंचन पठाड़े ने उन्हें मां ताप्ती का पावन छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया।
आयोजकों ने कहा कि मां ताप्ती की पावन धरती पर ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। ताप्ती महोत्सव का यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।


