झाबुआ, नावेद रजा/ खबर डिजिटल/ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह में शामिल हुए आदिवासी वर-वधु अब तक प्रोत्साहन राशि से वंचित हैं। राणापुर ब्लॉक के प्रभावित जोड़े सोमवार को सामाजिक संगठनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शीघ्र भुगतान की मांग की।
गौरतलब है कि 27 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में झाबुआ में सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ था। इस समारोह में राणापुर ब्लॉक की 47 पंचायतों के 292 जोड़े शामिल हुए थे। योजना के तहत प्रत्येक वर-वधु को 49 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया गया था।
16 सितंबर 2025 तक भी राणापुर ब्लॉक के हितग्राहियों को यह राशि नहीं मिल पाई है। जबकि जिले के अन्य ब्लॉकों और प्रदेश के अन्य जिलों में भुगतान किया जा चुका है। हितग्राहियों का आरोप है कि केवल आदिवासी कन्याओं की राशि रोकी गई है, जबकि अन्य समाज की कन्याओं को प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। इस पर वर-वधुओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
राणापुर जनपद सीईओ बलवन सिंह मवासे ने बताया कि उक्त विवाह समारोह में कुल 328 जोड़े शामिल हुए थे। अब तक किसी को भुगतान नहीं हुआ है। राशि का शासन स्तर से आवंटन लंबित है और प्रक्रिया जारी है।


