जोबट(अलीराजपुर)/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ जोबट क्षेत्र में फर्जी डॉक्टर के इलाज ने एक गरीब आदिवासी महिला की जान ले ली। ग्राम पंचायत चोहली, गांव जोबट निवासी झमकू पति नानभू की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि फर्जी डॉक्टर अमित जोशी द्वारा गलत बोतल/इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई, जिसके बाद आज उसकी मृत्यु हो गई।
भील सेना संगठन में भारी आक्रोश
इस गंभीर घटना को लेकर भील सेना संगठन में भारी आक्रोश है। संगठन ने ऐलान किया है कि जब तक आरोपी फर्जी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। साथ ही भील सेना ने जोबट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
सर्व आदिवासी समाज से अपील
भील सेना संगठन ने सर्व आदिवासी समाज से अपील की है कि वे जोबट पहुंचकर फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन में सहयोग करें। संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे जिले में संचालित फर्जी डॉक्टरों के क्लीनिक और हॉस्पिटल तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और प्रशासन से त्वरित व कड़ी कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।


