उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ अपराधियों के खिलाफ चल रही लगातार सख़्त कार्रवाई के तहत उज्जैन पुलिस ने महाकाल थाना क्षेत्र के आदतन अपराधी धर्मेंद्र योगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसी क्षेत्र में हथकड़ी लगाकर जुलूस निकाला, जिससे लोगों में सुरक्षा का संदेश और अपराधियों में भय का वातावरण बनाए जाने का उद्देश्य रहा।
धर्मेंद्र योगी पर कुल 12 आपराधिक प्रकरण
जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र योगी पर कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। हाल ही में उसने एक फरियादी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी और पैसे न देने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी शिकायत पर महाकाल थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
सख्त कार्रवाई रहेगी जारी
एसपी के निर्देश पर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।


