उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ चिमनगंज थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक बेहद मामूली बात पर शुरू हुए विवाद ने आज हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक परिवार के चार सदस्य धारदार हथियारों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
कैटर्स का काम करने वालों में विवाद
कैटर्स का काम करने वाले भारत और संजय शर्मा के द्वारा बुक किए गए 10 किलोग्राम आटे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। डिलीवरी करने वाला युवक बुकिंग के बाद कथित तौर पर ‘विवादित बातें’ और गाली-गलौज करके चला गया। कुछ घंटों बाद, वह व्यक्ति अपने परिवार के तीन अन्य सदस्यों के साथ लौटा।
धारदार हथियार से किया हमला
बताया जाता है कि पूरे परिवार ने मिलकर दूसरे पक्ष के घर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में चार लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यह विवाद डिलीवरी और सौदे को लेकर हुए मतभेद के कारण हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
