उमरिया/केसी पांडेय/खबर डिजिटल/ उमरिया जिले से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां ग्राम कौड़िया निवासी 26 वर्षीय युवा विकास साहू ने देश में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ अनोखा अभियान शुरू किया है। भ्रष्टाचार मुक्त भारत के संकल्प के साथ विकास साइकिल से देशभर की यात्रा पर निकले हैं। बिना किसी सहायता के, सीमित संसाधनों के साथ यह युवा लोगों को जागरूक करने का संदेश लेकर उमरिया कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुआ है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लिया संकल्प
उमरिया जिले के ग्राम कौड़िया निवासी 26 वर्षीय युवा विकास साहू उमरिया सहित देश में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया है। भ्रष्टाचार को “देश में फैला मकड़जाल” बताते हुए विकास ने इसे जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से साइकिल से देशव्यापी यात्रा की शुरुआत शुक्रवार को की। उन्होंने इस अभियान को “भ्रष्टाचार मुक्त भारत अभियान” का नाम दिया है।
विकास साहू ने दी जानकारी
विकास साहू ने बताया कि वे इस यात्रा पर किसी सरकारी या निजी सहायता के बिना निकले हैं। अपने साथ वे केवल आवश्यक सामान—कुछ खाने-पीने का सामान, रुकने के लिए टेंट और अपनी साइकिल लेकर निकले हैं। उनका कहना है कि इस यात्रा के दौरान होने वाला पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उनका मानना है कि जब तक आम नागरिक खुद आगे नहीं आएंगे, तब तक भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्या का समाधान संभव नहीं है।
देशभर के भ्रमण का रुट किया तैयार
यात्रा शुरू करने से पहले विकास ने पूरे देश भ्रमण का रूट भी तैयार कर लिया है। योजना के अनुसार वे उमरिया से शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी होते हुए बालाघाट पहुंचेंगे। इसके बाद जबलपुर, सिवनी और नागपुर के रास्ते महाराष्ट्र जाएंगे। महाराष्ट्र के बाद वे गुजरात और फिर देश के अन्य राज्यों की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे लोगों से संवाद करेंगे, उन्हें भ्रष्टाचार के दुष्परिणाम बताएंगे और ईमानदारी व पारदर्शिता को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
उमरिया कलेक्ट्रेट से की शुरुआत
इस अभियान की औपचारिक शुरुआत उमरिया कलेक्ट्रेट परिसर से की गई, जहां स्थानीय लोगों ने उनके साहस और जज्बे की सराहना की। युवा विकास साहू का कहना है कि यह यात्रा केवल एक सफर नहीं, बल्कि देश को जागरूक करने का प्रयास है। उनका विश्वास है कि अगर युवा ठान लें तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।


