खबर डिजिटल. उमरियापान.अंकित झारिया: उमरियापान के कटरा बाजार में चल रही रामलीला में भगवान श्रीराम के शिवधनुष भंजन और माता सीता द्वारा वरमाला पहनाने का दिव्य प्रसंग मंचित किया गया। इस अवसर पर राम विवाह की झांकी देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित रामलीला में मिथिला नरेश जनक द्वारा सीता स्वयंवर का दृश्य प्रस्तुत किया गया। स्वयंवर में आए अनेक राजाओं में से कोई भी शिवधनुष को हिला तक नहीं पाया। लंकापति रावण ने भी प्रयास किया, पर असफल रहने पर वह लौट गया। इस बीच राजा जनक के शब्दों पर लक्ष्मण और जनक के बीच नोकझोंक भी हुई। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम ने सहज भाव से शिवधनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई और धनुष को तोड़ दिया।धनुष भंग होते ही जनक महल में उल्लास का वातावरण बन गया और माता सीता ने भगवान श्रीराम को वरमाला पहनाकर उनके जीवन संगिनी बनने का संकल्प लिया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। विवाह प्रसंग देखने के लिए उमरियापान सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और देर रात तक भक्तिमय वातावरण का आनंद उठाया।


