MP Nigam Mandal Niyukti: मध्यप्रदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने रविवार को प्रदेश के 169 नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की नियुक्ति कर दी है। मोहन सरकार ने प्रदेश के करीब 25 जिलों में नियुक्ति की है। हर नगर परिषद में 4-4 एल्डरमैनों को जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि कई जिलों की लिस्ट को फिलहाल होल्ड कर दिया है। बताया जा रहा है कि इन जिलों में संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधने की कोशिश के बाद ही सूची जारी की जाएगी।
मिलने वाली है हरी झंड़ी
एल्डरमैनों की सूची जारी होने के बाद से निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों की माने तो एल्डरमैनों की सूची जारी होते ही दावेदारों ने अपने बायोडाटा चमकाने लगे है तो वही भोपाल तक के चक्कर लगाने शुरू हो गए है। सूत्रों का कहना है कि 50 निगम मंडलों में से करीब 36 नियुक्तियों की सूची संगठन ने आलाकमान को भी सौंप दी थी। जिसे जल्द ही हरी झंड़ी मिलने वाली है।
मोहन-हेमंत की बैठक
सूत्रों का कहना है कि बीते शनिवार को सीएम मोहन यादव और भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच अहम बैठक हुई थी। बैठक में निगम-मंडलों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्तियों पर चर्चा की गई थी। अंदर खाने की खबर है कि बैठक के बाद दिल्ली हाईकमान से भी सूची को लेकर चर्चा की गई थी। अब आलाकमान से इशारा मिलने का इंतजार है। जिसके बाद निगम-मंडलों में नियुक्तियों की घोषणा हो सकती है।


