शाजापुर में लोकोत्सव भारत पर्व, आकर्षक लोकनृत्य की प्रस्तुतियॉ

शाजापुर/आदित्य शर्मा। शहर के स्थानीय शहीद पार्क में भारत की संस्कृति से आमजन को परिचित कराने के उद्देश्य से लोकतंत्र का लोकोत्सव भारत पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोकप्रिय विधायक अरूण भीमावद, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, नगरपालिका उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी ने माँ सरस्वती के चित्र पर मल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान देवास की सुश्री अनुष्का जोशी व उनके दल द्वारा आकर्षक एवं मनोहारी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गयी। उनके द्वारा कथक नृत्य, जयतु-जयतु भारत, ओ देश मेरे, वन्दे मातरम गीतों पर आकर्षक लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहना की। वहीं कार्यक्रम में बुन्देली लोक गायक फूलसिंह माण्डरे व साथी कलाकारों द्वारा बुन्देली लोक गीत, कबीरदासजी के भजन आदि की प्रस्तुति दी गई। जिसमें “आज छाई है अजब बहार तिरंगा लहराया”, “कोयलिया बोली रे बिना राम रघुनंदन कोई नहीं है रे”, “मेरी झोपड़ी के भाग आज जाग जायेंगे राम आएंगे” एवं “पेपर पढ़ाई के चल रये बलम गोना को मचल रये” गीतों की प्रस्तुती दी गई।

दल में कोरस गायन में सुश्री नीशा यादव भी शामिल थी। वहीं लोक नृत्य सुश्री अनुष्का जोशी के नेतृत्व में सुश्री सोनल भाटी, राखी द्विवेदी, सोनाली शर्मा, मीनाक्षी जोशी, मुस्कान श्रीवास्तव, साक्षी तुलपुले एवं मांसी तोतरे ने प्रस्तुतियां दी। 

इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी द्वारा मालवी भाषा में “प्रभु म्हारा खेत पधारों श्याम मोहन बंशी वाला” भजन गाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  संतोष टैगोर, एडीएम बी.एस. सोलंकी, एएसपी टी.एस. बघेल, संयुक्त कलेक्टर अखिल राठौर, एसडीएम नरेन्द्रनाथ पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा वास्कले व डिप्टी कलेक्टर महेन्द्रप्रताप सिंह किरार, तहसीलदार श्रीमती मधु नायक, नगरपालिका सीएमओ डॉ.मधु सक्सेना, समाजसेवी पं. आशीष नागर, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे, डीपीसी राजेन्द्र शिप्रे सहित गणमान्य नागरिकगण मौजूद थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment