उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 17 नवंबर को होने वाली दोनों दलों की अहम बैठक से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन के फॉर्मूले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। अखिलेश यादव के अनुसार, कांग्रेस ने राज्य की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, जो कुल सीटों की करीब 45 फीसदी हिस्सेदारी है।
जीतने की क्षमता ही होगा टिकट का आधार
अखिलेश यादव ने साफ किया कि दोनों दलों के बीच अभी औपचारिक बातचीत शुरू होनी है, लेकिन INDIA गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का फैसला करेंगी। सपा प्रमुख ने जोर देकर कहा कि गठबंधन में सबसे बड़ी प्राथमिकता उम्मीदवार के जीतने की क्षमता को दी जाएगी। जिस विधानसभा क्षेत्र में जिस दल का प्रत्याशी जीत की स्थिति में होगा, उसी को वहां से मैदान में उतारा जाएगा।
65 जिलों की 181 सीटों की सूची सौंपी
कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को 65 जिलों की 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी गई है। इस सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस ने जिन सीटों पर दावा पेश किया है, उनमें कई ऐसी सीटें भी हैं जहां वर्तमान में समाजवादी पार्टी के विधायक काबिज हैं।
2022 के चुनावी आंकड़े और कांग्रेस का प्रदर्शन
पिछले यानी 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें, तो कांग्रेस इन 181 सीटों में से केवल दो सीटें—रामपुर खास और फरेंदा ही जीत सकी थी। रामपुर खास में पार्टी को 50.27 फीसदी और फरेंदा में 40.28 फीसदी वोट मिले थे, जबकि प्रदेश स्तर पर कांग्रेस का कुल वोट शेयर 2.5 फीसदी रहा था। इन 181 में से 19 सीटों पर सपा ने जीत हासिल की थी, वहीं 169 सीटों पर कांग्रेस अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई थी।









