Pradeep Mishra Viral Photo: मध्यप्रदेश के कुबेरेश्वर धाम सीहोर के पंडित प्रदीप मिश्रा इन दिनों खूब चर्चा में है। उनकी रॉयल लुक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीहोर वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा अपनी शिव महापुराण कथाओं और प्रवचनों की वजह से लोगों के दिलों में खास जगह रखते हैं। लेकिन आजकल इंटरनेट पर उनका फोटों/ वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदीप मिश्रा अपने भतीजे की शादी में रॉयल लुक और खास पहनावे की वजह से काफी चर्चा में हैं।
रॉयल लुक को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा
शिव महापुराण के कथावाचक प्रदीप मिश्रा, इंटरनेट पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में पंडित प्रदीप मिश्रा अपने भतीजे की शादी के समारोह में शाही अंदाज और मॉडर्न लुक में नजर आ रहे हैं। उनके इस पहनावे की वजह से वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं।
लोग उनके प्रवचनों में दिए जाने वाले संदेश और वास्तविक जीवन में उनके पहनावे की तुलना कर रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि बाबा के प्रवचनों में सादगी और दिखावे से दूर रहने की बात कही जाती है, जबकि उनके इस रॉयल लुक को देखकर कथनी और करनी में अंतर नजर आ रहा है।

शिव कथाओं और प्रवचनों से देश-विदेश में बनाई पहचान
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले प्रसिद्ध शिव कथा वाचक प्रदीप मिश्रा हमेशा शिव पुराण से संबंधित कथा, भजन और अपने 'एक लोटा जल, सब समस्याओं का हल' वाले उपदेशों के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रवचन देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचते हैं।
अक्सर उनके प्रवचनों में शिव महिमा के साथ सादगी, सरलता और भक्ति का संदेश दिया जाता है। उन्होंने अपने कई प्रवचनों में कहा है कि सच्ची भक्ति दिखावे से नहीं, बल्कि मन और भाव से होती है। उनके अनुसार धन, गरीबी और बाहरी परिस्थितियां अस्थायी होती हैं, जबकि व्यक्ति का असली स्वभाव और भक्ति ही अधिक महत्व रखते हैं।
कैसे बने सीहोर वाले बाबा?
पंडित प्रदीप मिश्रा का जन्म मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में एक साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय रामेश्वर दयाल चने का ठेला लगाते थे। बाद में उन्होंने चाय की दुकान खोल ली थी, जिसमें प्रदीप मिश्रा भी अपने पिता का हाथ बंटवाते थे।
उनका शुरुआती जीवन आर्थिक तंगी और साधारण परिस्थितियों में बीता। उनकी माता का नाम सीता देवी मिश्रा बताया जाता है। उनके दो भाई हैं। प्रदीप मिश्रा ने अपनी स्कूली और स्नातक की पढ़ाई सीहोर से पूरी की।

बचपन से ही उनकी रुचि मंदिरों में भजन-कीर्तन करने और गांव में होने वाली धार्मिक कथाओं में शामिल होने की थी। उन्हें बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों को पढ़ने में विशेष रुचि थी। उनके गुरु पंडित बृजेश राय काका बताए जाते हैं, जिनसे उन्होंने दीक्षा ली थी।
बाद में स्कूल में पढ़ाने और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहने के साथ उन्होंने कथा वाचन की शुरुआत की। लॉकडाउन के समय उनके प्रवचनों और कथाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इसके बाद वह देशभर में प्रसिद्ध कथा वाचक के रूप में पहचान बनाने लगे।
राधा रानी पर बयान देकर भी विवादों में आए थे प्रदीप मिश्रा
पंडित प्रदीप मिश्रा इससे पहले राधा रानी को लेकर दिए गए अपने बयान की वजह से भी विवादों में आ चुके हैं। जून 2024 में एक कथा के दौरान उन्होंने राधा रानी के जन्मस्थान और विवाह को लेकर कुछ बातें कही थीं। उनके इस बयान के बाद ब्रज के संतों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली थी।
इस मामले में संत प्रेमानंद महाराज ने भी उनके बयान पर आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद प्रदीप मिश्रा बरसाना पहुंचे और राधा रानी के मंदिर में दर्शन कर माफी मांगी। उन्होंने कहा था कि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। इस बयान को लेकर काफी समय तक विवाद बना रहा और प्रदीप मिश्रा को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।









