कुलदीप खराड़ीया, खबर डिजिटल, आलीराजपुर। जिले में ‘‘न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह’’ के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे जिला न्यायालय परिसर से शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार मंडलोई के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण के सचिव आर.पी. सेवेतिया के निर्देशन में किया गया।
मैराथन जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा, पंचेश्वर मंदिर, फतेह क्लब और सिनेमा चौराहा होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। वहीं वॉकथॉन के माध्यम से भी लोगों को विधिक सेवा और न्याय के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
मैराथन में बालक एवं बालिका वर्ग के विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में शिवम पिता लालसिंह ने प्रथम, संयम पिता भंगड़ा ने द्वितीय तथा संजय पिता सरदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में कु. हर्षिता पिता साधनिया प्रथम, कु. लक्ष्मी पिता इडला द्वितीय और कु. मनीषा पिता मगन तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक समर वर्मा, प्रथम जिला न्यायाधीश नंदराम परमार, संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी आकांक्षा अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योत्सना आर्य, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जय पाटीदार, न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराग सिंह सुमन, जेल अधीक्षक एस.बी. शरण, जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष राजेन्द्र वाणी सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत, चीफ एल.ए.डी.सी.एस. राजेश राठौर, डिप्टी चीफ चितवन गेहलोत, असिस्टेंट एल.ए.डी.सी.एस. राहुल सवनेर एवं अभिषेक वाणी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
इस आयोजन के माध्यम से आमजन को विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने, न्याय तक पहुंच के महत्व को समझाने तथा समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।









