सीहोर जिले की इछावर विधानसभा के ग्राम वीरपुर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद द्वारा आयोजित ‘एक तीर, एक कमान’ प्रतियोगिता के समापन समारोह में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल हुए।
इस अवसर पर आदिवासी युवाओं के उत्साह, समर्पण और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति प्रेम को देखकर सिंघार ने कहा कि यह उत्साह बताता है कि आदिवासी समाज अपनी परंपरा, संस्कृति और पहचान को सहेजने के लिए आज भी पूरी तरह एकजुट और संकल्पबद्ध है।

अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, आपके आवास के सामने जर्जर आदिवासी-दलित छात्रावास आपकी आदिवासी सम्मान की सच्चाई बयां कर रहा है। पहले इसका पुनर्निर्माण कराइए, फिर आदिवासी सम्मान की बात कीजिए। उन्होंने कहा कि यदि 2 दिन के भीतर आदिवासी छात्रावास के पुनर्निर्माण को लेकर निर्णय नहीं लिया गया, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा सरकार आदिवासी और दलित विरोधी है।
सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि अधिकार और संसाधनों का बराबर हिस्सेदार है। उन्होंने कहा कि दो दशकों से सत्ता में रहने वाली भाजपा सरकार इछावर के आदिवासियों के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने में विफल रही है। यह इछावर के किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इछावर की इस गंभीर जल समस्या को कांग्रेस विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी और 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, सम्मान, अधिकार और विकास केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरकार को धरातल पर काम करके यह साबित करना होगा कि वह आदिवासी समाज के साथ खड़ी है।









