भोपाल/खबर डिजिटल/ इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जलकांड को लेकर मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने जलकांड में हुई 36 मौतों का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि आखिर इन मौतों की जिम्मेदारी किसकी है? सिंघार ने जांच आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए संबंधित अधिकारियों की भूमिका और उनकी बहाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
सिंघार ने की पोस्ट
उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि भागीरथपुरा जलकांड की जांच के लिए गठित आयोग की करीब 600 पन्नों की रिपोर्ट में अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट में तत्कालीन कार्यपालन यंत्री (ईई) संजीव कुमार श्रीवास्तव को इस पूरे मामले में सबसे अधिक जिम्मेदार माना गया। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने उनकी सेवाएं बहाल कर दीं। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, संजीव कुमार श्रीवास्तव वर्तमान में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के इंजीनियर-इन-चीफ (ENC) कार्यालय में पदस्थ हैं।
अफसरों को राहत, जवाबदेही तय करने पर सवाल
सिंघार ने आरोप लगाया कि 36 लोगों की मौत के बावजूद सरकार जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें राहत दे रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले से जुड़े दो अधिकारी अब कलेक्टर के पद पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जांच रिपोर्ट में अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर टिप्पणियां की गई हैं, तो फिर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
CM मोहन यादव से मांगा जवाब
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए पूछा कि यदि इतनी बड़ी जनहानि के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तो फिर प्रशासनिक जिम्मेदारी किसकी होगी? उन्होंने इस पूरे मामले को केवल प्रशासनिक लापरवाही का विषय नहीं, बल्कि मृतकों और उनके परिजनों के साथ अन्याय बताया। भागीरथपुरा जलकांड को लेकर उमंग सिंघार के ताजा बयान से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा रही है।








