इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर महानगर की सियासत की आबोहवा हमेशा अलग ही संदेश देती आई है। गुटीय राजनीति का उदय काफी पहले हो गया था। पटवा-खंडेलवाल सियासी युग से ही अपने-अपने समर्थकों उपकृत करने के लिए नेता जोर लगाते देखे गए हैं। ताई और भाई के बीच गुटीय राजनीति के बाद में यही स्थानीय पॉलिटिक्स अप्रत्यक्ष रुप से पूर्व और पश्चिम में भी बटी नजर आई। वर्तमान में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है, अलबत्ता अबकी बार सबसे इतर एक गुट से अलग नेताओं का समूह दिखाई दे रहा है।
भोपाल की तस्वीर ने चौंकाया
दीपावली के बाद भोपाल से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर नजर आई, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी से बीजेपी विधायक मालिनी गौड़, मनोज पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, बीजेपी प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, युवा नेता एकलव्य सिंह गौड़ ने एक साथ मुलाकात की। सियासी जानकार बता रहे हैं कि आने वाले वक्त में यह टीम कुछ अलग करने के मूड में दिखाई दे रही है, जोकि दो नंबर की सियासत से बिल्कुल अलग होगी।
एक तिकड़ी आई थी नजर
इंदौर की सियासत को लेकर कुछ दिन पहले एमआईसी सदस्य जीतू यादव(जाटव) की पार्टी में बहाली को लेकर बीजेपी की एक तिकड़ी नजर आई थी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कट्टर समर्थक विधायक रमेश मेंदोला के साथ विधायक गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एक साथ भोपाल में थे। उसी दिन कुछ देर बाद जीतू यादव(जाटव) की पार्टी में वापसी हो गई, कुछ दिन के बाद ही उन्हें वापस एमआईसी में भी ले लिया गया। ऐसे में अब प्रदेश का आर्थिक राजधानी की सियासत नए मोड़ लेती नजर आ रही है।
शहर की सियासत में कुछ अलग भी घटा
थोड़े वक्त पहले बीजेपी के वरिष्ठ सत्यनारायण सत्तन ने पार्टी के खिलाफ नाराज होते नजर आए थे। जिन्हें बीजेपी के कार्यक्रम में कुर्सी तक नसीब नहीं हुई थी। मंत्री विजयवर्गीय के बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय को पिता की विधानसभा में मादक पदार्थों की धड़ल्ले से बिक्री को लेकर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखना पड़ा। विधानसभा एक में ही पार्षद मनोज मिश्रा ने एक कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पोस्टर से फोटो ही गायब कर दिया। इस कार्यक्रम में विधायक मनोज पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता,प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे, उमाशशि शर्मा,सावन सोनकर, प्रताप करोसिया,पार्षद राहुल जायसवाल सहित अन्य नेता शामिल हुए थे। इस जगह एक बात बताना यह भी जरुरी है कि विधानसभा पांच से विधायक महेंद्र हार्डिया अपनी संगठनात्मक छवि को बरकरार रखे हुए हैं, और सभी के साथ खड़े दिखाई देते हैं।









