कटनी। भाई दूज एवं यमद्वितीया के पावन अवसर पर श्री चित्रगुप्त कायस्थ सभा द्वारा स्थानीय श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना, सामाजिक एकजुटता और प्रतिभा सम्मान के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की सांस्कृतिक विरासत और संगठनात्मक मजबूती की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सभा अध्यक्ष अनादि निगम ने की। विशिष्ट अतिथि अनिल खरे एवं राकेश श्रीवास्तव तथा विशेष अतिथि रविंद्र बक्शी की उपस्थिति में समारोह का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चना के साथ हुआ।
प्रतिभाओं को सम्मान, नई पीढ़ी को प्रोत्साहन
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तान्या श्रीवास्तव, अयांश श्रीवास्तव, रिद्धिमा निगम, मान्या खरे, शिवांक श्रीवास्तव, अदिति श्रीवास्तव, शिवांशु श्रीवास्तव, आन्या सक्सेना, हर्ष गुमास्ता, पलक गुमास्ता, सिद्धि श्रीवास्तव, सृष्टि सिन्हा, पूजा श्रीवास्तव, अंशिका सिंह, आदित्य श्रीवास्तव एवं आदित्य राज निगम को सम्मानित किया गया।
वहीं चिकित्सा एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान के लिए श्रुति खरे एवं डॉ. विशाल खरे, नवनियुक्त एल्डरमैन अमरीश वर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष रवि खरे तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार संजीव श्रीवास्तव को सम्मान प्रदान किया गया।
शशांक श्रीवास्तव ने की संगठन की सराहना
मुख्य अतिथि शशांक श्रीवास्तव ने कायस्थ समाज की एकजुटता और संगठनात्मक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक सहभागिता और अपनी परंपराओं के प्रति समर्पण देखकर प्रसन्नता होती है। प्रतिभाओं का सम्मान और नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कलम-दवात पूजन ने दिलाई परंपरा की याद
कार्यक्रम में कलम-दवात पूजन की परंपरा का विशेष रूप से निर्वहन किया गया। उपस्थित समाजजनों को पारंपरिक रूप से कलम भेंट की गई। वक्ताओं ने शिक्षा, ज्ञान और लेखन को समाज की महत्वपूर्ण पहचान बताते हुए युवा पीढ़ी को इस विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश श्रीवास्तव 'प्रखर' एवं साहित्यकार मनोज निगम ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सभा सचिव हेमंत श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









