कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी शहर के बरगवां मुख्य मार्ग स्थित किसना ज्वेलर्स में हुई करोड़ों रुपये की चोरी ने कटनी की कानून-व्यवस्था और पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने जिस सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि शोरूम की लंबे समय तक रेकी करने के बाद चोरी की रणनीति तैयार की गई। पहाड़ी और खदान के पास बैठकर योजना बनाई गई और फिर शोरूम की पिछली दीवार में सेंध लगाकर गोल्ड एवं डायमंड के कीमती आभूषण पार कर दिए गए। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत 12 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
पहाड़ी पर बैठकर बनाई रणनीति, सिलेंडर और औजार छोड़ गए बदमाश
वारदात के बाद पुलिस की खोजी टीम जब शोरूम के पीछे पहुंची तो घटनास्थल से कुछ दूरी पर पहाड़ी और खदान के पास छोटा गैस सिलेंडर, प्लास, पेचकस सहित सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। खोजी श्वान भी शोरूम के पीछे से पहाड़ी और खदान की ओर पहुंचा। बरामद सामग्री ने वारदात की तैयारी और बदमाशों की कार्यप्रणाली को लेकर जांच के नए बिंदु खड़े कर दिए हैं।
दीवार में छेद, डीवीआर बंद और करोड़ों के जेवर गायब
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सीसीटीवी सिस्टम के डीवीआर को बंद कर दिया गया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, एक नकाबपोश व्यक्ति कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में वह गर्म कपड़े और मफलर से चेहरा ढके दिखाई दे रहा है। मोबाइल फोन पर संदेश भेजने जैसी गतिविधियां भी सामने आने की बात कही जा रही है। आशंका है कि बाहर मौजूद अन्य साथी उसकी मदद कर रहे थे और डीवीआर बंद होने के बाद गिरोह के बाकी सदस्य भी अंदर पहुंचे।
रात की सुरक्षा पर सवाल, मुख्य मार्ग पर इतनी बड़ी वारदात कैसे?
शहर के व्यस्त बरगवां मुख्य मार्ग पर स्थित ज्वेलरी शोरूम में इतनी बड़ी चोरी होना व्यापारिक जगत के लिए चिंता का विषय बन गया है। वारदात के दौरान अलार्म बजने की बात भी सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों का घटना को अंजाम देकर निकल जाना सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों के बीच दहशत का माहौल है। सवाल यह भी है कि रातभर गश्त करने वाली पुलिस को इतनी बड़ी वारदात की भनक आखिर क्यों नहीं लगी?
दीपावली के स्टॉक पर हाथ साफ, नुकसान का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
शोरूम संचालकों मोहन बजाज और मनीष अग्रवाल के परिवार के अनुसार दीपावली पर्व के मद्देनजर नई गोल्ड एवं डायमंड ज्वेलरी का स्टॉक मंगाया गया था। दीपावली के बाद से देवउठनी एकादशी तक खरीदारी का सीजन होने के कारण शोरूम में बड़ी मात्रा में आभूषण रखे गए थे। संचालकों के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत 12 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। स्टॉक का मिलान जारी है और वास्तविक नुकसान का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
जिलेभर की पुलिस सक्रिय, सीसीटीवी फुटेज और साइबर टीम के सहारे तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और खोजी श्वान की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। माधवनगर, रंगनाथ नगर, कोतवाली, कुठला, एनकेजे, कैमोर सहित अन्य थानों की पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है। आसपास के सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साइबर टीम भी संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
बरगवां में पहले भी हो चुकी है बड़ी वारदात
गौरतलब है कि बरगवां क्षेत्र में वर्ष 2022 में बैंक में बंदूक की नोक पर डकैती की बड़ी घटना हुई थी। उस वारदात में बदमाश करीब 15 किलो सोना लेकर फरार हुए थे। इसके अलावा क्षेत्र में एटीएम उखाड़कर ले जाने की घटना भी सामने आ चुकी है। ऐसे में एक बार फिर करोड़ों की ज्वेलरी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस इस सुनियोजित चोरी के पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंच पाएगी? क्या करोड़ों के जेवर बरामद होंगे? और क्या इस वारदात के बाद शहर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और रात्रिकालीन गश्त की व्यवस्था की समीक्षा होगी? फिलहाल व्यापारी वर्ग को पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी का इंतजार है।









