मनीष तिवारी, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के जबलपुर कार्यालय में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान यह जानकारी दी गई कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान समाज, भाजपा और सरकार मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान, लोककला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाएंगे। पत्रकारवार्ता में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है, और इसी कड़ी में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार तथा 16 नवंबर को खंडवा में बड़े स्तर पर भव्य आयोजन किए जाएंगे।
इस गौरव सप्ताह के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 2 से 3 किलोमीटर लंबी भव्य सांस्कृतिक रैलियां निकाली जाएंगी, जिनमें जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही 12 और 13 नवंबर को बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया है, तथा 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं व देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्जवलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर को सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी, वहीं 18 से 20 नवंबर तक ‘जनजाति गौरव चौपालों’ का आयोजन कर जनजातीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को जोड़ा जाएगा।









