भोपाल/खबर डिजिटल/ सीएम मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात के 140वें एपिसोड का श्रवण किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि "मन की बात" केवल रेडियो या टेलीविजन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को नई दिशा देने का एक उत्कृष्ट माध्यम है।

नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री के आह्वान
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में नशे की लत से पीड़ित व्यक्ति के जीवन में आने वाली कठिनाइयों और चुनौतियों के साथ-साथ नशा छोड़ने के उसके संघर्ष और सफलता के अनुभवों को सुनकर यह स्पष्ट होता है कि नशा किस प्रकार किसी व्यक्ति का जीवन बर्बाद कर देता है। इसलिए हमारी सरकार भी नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री जी के आह्वान के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।

2029 तक देश को नशामुक्त करने का दिया संदेश
सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि अपने आसपास, परिवार और रिश्तेदारों में यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे नशे से मुक्त कराने के लिए आगे आएं।
हम सभी संकल्प लें कि वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त और मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स से लोगों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।

सीएम मोहन यादव ने योजनाओं की दी जानकारी
सरकार और संबंधित विभाग भी इस दिशा में आवश्यक सेवाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

दिव्यांगजनों को भी किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शारीरिक सीमाएं सीमित हो सकती हैं, लेकिन प्रतिभाओं की कोई सीमा नहीं होती। मैं आप सभी दिव्यांगजनों को हृदय से बधाई देता हूं। मध्यप्रदेश सरकार ने दिव्यांगता की श्रेणियों को बढ़ाकर 21 करना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया है।
इन 21 प्रकार की दिव्यांगताओं को शामिल करते हुए सरकार द्वारा पेंशन, शिक्षा, प्रोत्साहन, विवाह सहायता, खेलकूद और सिविल सेवाओं में प्रोत्साहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं एवं सहयोग प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है।









