रीवा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के रीवा स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में महिला जूनियर डॉक्टर के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर पर एक महिला डॉक्टर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर महिला के पहनावे और कपड़ों के साइज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। शिकायत और ऑडियो को लेकर मेडिकल कॉलेज में हंगामा मचने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें विभागाध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है।
कपड़ों के साइज को लेकर कथित ऑडियो में बातचीत
इस पूरे मामले में सामने आए कथित ऑडियो ने विवाद को और बढ़ा दिया है। दावा किया जा रहा है कि बातचीत के दौरान डॉ. मनोज इंदुरकर महिला डॉक्टर के कपड़ों और उनके लुक को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। ऑडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कल तुम्हारे कपड़े बहुत अच्छे लग रहे थे, आज अच्छे नहीं लग रहे हैं। इसके बाद कपड़ों के साइज को लेकर भी सवाल किए जाने की बात सामने आई है। कथित बातचीत में डॉक्टर कहते सुनाई देते हैं, 'तुम्हें कौन सा साइज लगता है, बताओ मैं नए कपड़े ले रहा हूं।'
फर्स्ट ईयर से परेशान करने का आरोप
शिकायतकर्ता महिला डॉक्टर का आरोप है कि यह सिलसिला अचानक शुरू नहीं हुआ, बल्कि लंबे समय से उन्हें इस तरह की टिप्पणियों और व्यवहार का सामना करना पड़ रहा था। महिला डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी अक्सर कहते थे कि वह उन्हें फर्स्ट ईयर से पसंद हैं। उनके पहनावे को लेकर भी लगातार टिप्पणियां की जाती थीं। काजल और क्रीम कलर के कुर्ते में सुंदर दिखने की बात कहकर उसी तरह के कपड़े पहनने की सलाह देने का भी आरोप लगाया गया है।
पहनावे पर टिप्पणी करने का आरोप
महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी निजी जिंदगी और पहनावे को लेकर बार-बार टिप्पणी की जाती थी। इतना ही नहीं, डॉक्टर पर उनके घर के आसपास पहुंचकर गिफ्ट देने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया है। इन घटनाओं से परेशान होकर महिला डॉक्टर ने शनिवार रात अमहिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
संजय गांधी अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन
मामले की जानकारी सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों और जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी फैल गई। रविवार को बड़ी संख्या में मेडिकल स्टूडेंट्स और जूनियर डॉक्टर संजय गांधी अस्पताल की ओपीडी के बाहर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन रविवार देर रात तक जारी रहा। इस दौरान छात्रों ने 'वी वांट जस्टिस' और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक आरोपी डॉक्टर को विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी से हटाया जाए। साथ ही उन्हें किसी भी तरह की विभागीय जिम्मेदारी नहीं देने की मांग भी उठाई गई।
विभागाध्यक्ष के पद से हटाए गए डॉ. इंदुरकर
मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज में बढ़ते विरोध और महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई। डॉ. मनोज इंदुरकर को मेडिसिन विभागाध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर नजर रहेगी। महिला डॉक्टर की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









