श्योपुर/धीरज कुमार बालोठिया/खबर डिजिटल/यह आम शिकायतें रहती है कि नगर पालिका श्योपुर के अधिकारी समय पर दफ्तर नहीं पहुंचते हैं। दोपहर से लेकर शाम तक वे कमरों में नजर नहीं आते हैं। ऐसे में फरियादियों को बैरंग होना पड़ता है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इसकी हकीकत जानने के लिए सोमवार को दोपहर 1 बजे के आसपास खबर डिजिटल की टीम मौके पर पहुंच गई। जब मीडिया का कैमरा लाइव होना शुरू हुआ तो पता चला कि अधिकतर कर्मचारियों की कुर्सी खाली मिली। स्वास्थ्य विभाग की हालात तो इतनी दयनीय मिली यहां पर एक भी कर्मचारी देखने तक नहीं मिला, मीडिया टीम ने हर कमरे को बारीकी से दिखाया, इसके अलावा सीएमओ राधे रमण यादव भी अपने कार्यालय में नहीं दिखे, इतना ही नहीं लिपिक से लेकर अन्य कर्मचारी भी सीट पर नजर नहीं आए, तो वहां काम कराने आए लोग भटकते दिखे।
फरियादियों ने सुनाया दुखड़ा
काम कराने आए फरियादी बोले सुबह दस बजे तक अधिकारियों व कर्मचारियों को दफ्तर पहुंच जाना चाहिए, लेकिन ऐसा न होने से नगर पालिका श्योपुर में काम कराने आने वाले लोगों को भटकना पड़ता है। लोगों ने बताया कि यह आज का मामला नहीं है लगातार इसी तरह की शिकायतें रहती है। नगर पालिका दफ्तर में अधिकारी और कर्मचारी समय पर नहीं आते हैं, जिससे काम कराने आए लोगों को इंतजार के बाद वापस होना पड़ता है।
मौके पर मौजूद कर्मचारी बोले फील्ड में गए है कर्मचारी
समाजसेवी तालिब तूफानी ने जब स्वास्थ शाखा में पदस्थ कर्मी राहुल शर्मा से पूछताछ की तो उन्होंने उक्त कर्मचारियों को फील्ड में होने की बात कही, वहीं दूसरी ओर एक और कर्मचारी ने बताया कि कर्मचारी फील्ड में गए है, एसआईआर की रिपोर्ट चल रही है, वहां पर ड्यूटी लगी हुई है. हालांकि मूल कार्य के समय अतिरिक्त कार्य को करना, जनता के लिए परेशानी का सबब है, देखना होगा कि अब यह व्यवस्था कब तक सुधर पाती है।


