खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी,– स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नगर पालिक निगम कटनी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के अभियान को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को वार्ड क्रमांक 42 के माधव नगर मेन बाजार और वार्ड क्रमांक 4 के बस स्टैंड क्षेत्र में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने और गंदगी करने वाले कई प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दीपक मोटवानी, शंकर मोटवानी, राकेश जैसवानी, शंकर भोजनालय, आकाश धमीजा, अजय प्रजापति और मां प्रोविजन स्टोर पर 200-200 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक शराब दुकान पर 500 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया।
वहीं इंदिरा गांधी वार्ड के बस स्टैंड क्षेत्र में भी पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस अभियान में कुल 2,900 रुपये का स्पॉट फाइन वसूल किया गया।यह कार्रवाई स्वच्छता निरीक्षक दीपक अग्निहोत्री के नेतृत्व में की गई। अभियान में वार्ड दरोगा विनय अर्खेल, संदीप कुंडे, सोहन बिरहा, लीलाधर अर्खेल, संदीप मोगरे एवं मनोहर चमकेल की सक्रिय सहभागिता रही।
नगर निगम ने कहा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने या स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम की अपील:सभी नागरिक और व्यापारी कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, स्वच्छता नियमों का पालन करें और स्वच्छ, सुंदर एवं सर्वश्रेष्ठ कटनी के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
