शिक्षा और स्वास्थ्य की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण : सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर
जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, अनुपस्थित विभागों पर नाराजगी
कटनी – जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी जनसमस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय-सीमा में प्रस्तुत करें।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, उद्योग और प्रधानमंत्री सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अनुपस्थित विभागों पर शोकाज के निर्देश
बैठक में जल जीवन मिशन, मत्स्य पालन, खाद्य आपूर्ति, सहकारिता और भू-अभिलेख विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने इन विभागों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए
सीईओ ने की पहली बैठक, स्वागत किया गया
यह बैठक नवागत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली सामान्य सभा थी। बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष सुश्री सुनीता मेहरा का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
बैठक में सदस्य अजय गौंटिया, प्रदीप त्रिपाठी, प्रेमलाल केवट, कविता राय, माला मौसी, प्रिया सिंह, संगीता पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
ई-केवाईसी और ‘एक बगिया मां के नाम’ कार्यों में तेजी लाएं : सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर
जनपद पंचायत सीईओ से की वीसी के माध्यम से समीक्षा, कम प्रगति पर नाराजगी
कटनी जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद पंचायतों के सीईओ से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ‘एक बगिया मां के नाम’ और ई-केवाईसी कार्यों में तेजी लाई जाए तथा ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाए।
उन्होंने मनरेगा परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार और आजीविका मिशन प्रबंधक शबाना बेगम को सतत निगरानी करने और कम प्रगति वाली पंचायतों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


